कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया भ्रमण
सह.सम्पादक अतुल जैन की रिपोर्ट
किसानों से मिले और वेयरहाउस का निरीक्षण किया
शिवपुरी। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल लगातार क्षेत्र के भ्रमण पर रहते हैं। गत दिवस बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भ्रमण के लिए निकले। भ्रमण के दौरान बांसखेड़ी के किसान सतनाम सिंह और मूढ़ेनी के कृषक संतोष सिंह के यहाँ भ्रमण किया। खेती और पशुपालन की गतिविधियों का जायजा लिया। बांसखेड़ी के किसान सतनाम सिंह द्वारा खेती के साथ-साथ पशुपालन किया जा रहा है और वह एक उन्नतशील कृषक के रूप में खेती से अच्छा लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इसी प्रकार मूढ़ेनी ग्राम के निवासी किसान संतोष सिंह भी खेती के साथ पशुपालन करके अच्छी खासी आय प्राप्त कर रहे हैं। जब कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक अधिकारियों के साथ उनके खेत पर भ्रमण के लिए पहुंचे तब संतोष सिंह ने अपनी कहानी उन्हें बताई। अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लगभग 2 साल पहले उन्होंने बकरी पालन शुरू किया। अभी वह मुर्गी पालन भी कर रहे हैं और भैंसे तो उनके पास बहुत समय पहले से थी। वह लगभग 40 बीघा जमीन पर खेती करते हैं। खेती और पशुपालन से आज वह अच्छी खासी आय प्राप्त कर रहे हैं। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने उन्हें नेपियर घास लगाने की सलाह दी। भ्रमण के दौरान बांसखेड़ी में राधिका वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया और मौके पर ही फायर सेफ्टी का डेमो कराया।
इसके बाद अधिकारियों ने कोलारस और बदरवास क्षेत्र का निरीक्षण किया। कोलारस में गिर्राज लॉजिस्टिक वेयरहाउस और बदरवास के एनवारा में उन्नति वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस पर सुरक्षात्मक प्रबंध, सीसीटीवी, फायर सेफ्टी की व्यवस्था देखी। लुकवासा मंडी का निरीक्षण किया और अनाज खरीदी की व्यवस्था देखते हुए किसानों से चर्चा की।