न्यूयॉर्क में तीन सिख बुजुर्गों पर हमला करने वाला किशोर गिरफ्तार
न्यूयॉर्क, एजेंसी। न्यूयॉर्क के रिचमंड हिल में नौ दिन के भीतर तीन सिख बुजुर्गों पर हमला कर उन्हें जख्मी करने वाले किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यूयॉर्क पुलिस ने उसके खिलाफ नफरती अपराध का आरोप लगाया है।
न्यूयॉर्क के रिचमंड हिल में बुधवार को मॉर्निंग वॉक पर निकले 76 व 64 वर्षीय दो सिखों पर अचानक हमला कर दिया गया था। दो संदिग्ध लोग अचानक आए और सिखों पर डंडों से हमला कर दिया। उन्हें पीटने के बाद उनकी पगड़ी उतार दी। यह हमला उसी स्थान पर हुआ, जहां ठीक नौ दिन पहले भी एक सिख पर हमला हुआ था। तब 70 वर्षीय सिख निर्मल सिंह पर हमला हुआ था और 4 अप्रैल को उनकी खून से लथपथ पगड़ी के चित्र सामने आए थे।
इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गयी थी। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। अब दो दिन बाद पुलिस ने ब्राउंसविले निवासी 19 वर्षीय वर्नन डगलस को ब्रुकलिन में गिरफ्तार किया है। डगलस पर लूट, मारपीट, उत्पीड़न के साथ नफरती अपराध का आरोप भी लगाया गया है। डगलस ने ही तीन मार्च को 70 वर्षीय निर्मल सिंह के मुंह पर मुक्का मारकर उन्हें जख्मी कर दिया था।
इस हमले में भारत से न्यूयॉर्क सिटी घूमने पहुंचे निर्मल सिंह की नाक की हड्डी टूट गई थी और उनके चेहरे पर भी चोट आई थी। बुधवार को पुन: डगलस ने अपने एक साथी के साथ उसी स्थान पर दो अन्य सिखों के साथ मारपीट की और उनकी पगड़ी तक उतार दी थी। इसे लेकर अमेरिकी भारतीयों में आक्रोश था।