विकास दुबे के गिरफ्तार साथी कल्लू ने खोले राज
कानपुर। कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद विकास दुबे पर शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस तेजी के साथ कार्रवाई कर रही है। विकास का कानपुर स्थित घर और कारें जमींदोज करने के बाद रविवार सुबह पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस ने विकास दुबे के साथी और इस घटना में शामिल बताए जा रहे दयाशंकर अग्नीहोत्री उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है पुलिस मुठभेड़ के दौरान दयाशंकर की गिरफ्तारी हुई है। दयाशंकर के पैर में गोली भी लगी है। गिरफ्तारी के बाद दयाशंकर से पुलिस को कई राज पता चल गए हैं। उसने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। कल्लू ने पुलिस को बताया कि दबिश की सूचना पुलिस ने ही विकास दुबे को दी थी। सूचना के बाद विकास दुबे ने तैयारियां तेज कर दी थी। इसके बाद विकास ने हथियार अपने पास मंगा लिए। कई लोगों को भी बुला लिया था। असलाधारियों को इकट्ठा कर हमला किया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दयाशंंकर को कल्याणपुर पुलिस से जवाहरपुरम में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।