चीन में बाढ़ से स्थिति हुई भयावह

3.8 करोड़ लोग प्रभावित, 140 की मौत
बीजिंग । चीन के कुछ इलाकों मे गंभीर बाढ़ के चलते अब तक 140 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग लापता हैं। इनके अलावा इस भीषण आपदा में अब तक करीब 3.8 करोड़ लोग बुरी तरह से प्रभावित हैं। चीन इस वक्त देश के 27 प्रांतों में इस आपदा का सामना कर रहा है। बुरी तरह प्रभावित इलाकों में जियांग्शी, अन्हुई, हुबेई और हुन्नान प्रांत शामिल हैं। चीनी अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं से प्रभावित इलाकों से अब तक करीब 22.5 लाख लोगों को बचाया जा चुका है। देश के बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत कार्यालय ने बताया है कि पिछले कई सप्ताह से हो रही मूसलाधार बारिश से यांग्त्जी समेत कई नदियों में बाढ़ आ गई है। इस बाढ़ से 28,000 से अधिक इमारतें नष्ट हो जाने से करीब 11.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी सावधानी बरतने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। चीन में 433 नदियों का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इनमें भी 33 में जलस्तर ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। सोमवार तक यांग्त्जी व हुइहे नदी के साथ डोंगिंग, पोयांग और ताइहू झील में पानी चेतावनी स्तर से अधिक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.